“15वीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र 13 नवंबर से शुरू होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को सत्र की जानकारी दी है। यह सत्र तीन दिन का होगा। 13, 14 और 18 नवंबर को विधानसभा सत्र के दौरान बैठकें होंगी।
15 नवंबर को गुरुनानक जयंती और 16-17 को अवकाश रहेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के अभिभाषण से होगी और कुछ बिल भी प्रस्तुत किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर सत्र की अवधि बढ़ाई जा सकती है। विपक्ष के नेता चुने जाने के सवाल पर सीएम सैनी ने इसे विपक्ष का आंतरिक मामला बताया।
सीएम सैनी ने महाराष्ट्र के दौरे का उल्लेख करते हुए बताया कि वह चुनाव प्रचार के लिए आज ही महाराष्ट्र जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा महाराष्ट्र और झारखंड में सरकार बनाएगी। विधानसभा की कार्यवाही से पहले नवनियुक्त विधायकों की ट्रेनिंग मंगलवार शाम 5 बजे होगी, जिसकी जानकारी कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने दी।”