भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक सैनी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत बताया है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने एनडीए के रूप में विकास का चयन किया है और यह गठबंधन जनता की आशाओं पर खरा उतरेगा।
प्रदेश अध्यक्ष अशोक सैनी भाजपा प्रदेश कार्यालय में महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दे रहे थे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के नतीजों से साफ हो गया है कि देश की जनता भाजपा को एकमात्र विकल्प मान रही है। कांग्रेस और विपक्षी दलों में न तो जनता का विश्वास है और न ही ये दल जनता की उम्मीदों पर खरे उतर रहे हैं। यही कारण है कि जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, जनता इन विपक्षी दलों को बाहर का रास्ता दिखा रही है।
कार्यकर्ताओं से आह्वान
प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने महाराष्ट्र की जीत पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता को बधाई देते हुए उनसे अपील की कि वे भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ उठाएं और इनका अधिक से अधिक प्रचार करें।
कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
मीडिया प्रभारी राजेंद्र सपड़ ने बताया कि इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई और एक-दूसरे को बधाई दी।
मुख्य अतिथि और उपस्थित सदस्य
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष धीमांत तेरिया, मीडिया प्रभारी राजेंद्र सपड़, संरक्षक महेंद्र धानी, प्रवीण जैन, रामचंद्र गुप्ता, मंडल अध्यक्ष लोकेश असीजा, विकास जैन, हरीश चौधरी, लक्ष्मण गुप्ता, केपी गुप्ता, मनजीत जांगड़ा, सुनील गोयल और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।