चंडीगढ़:
हरियाणा विधानसभा चुनावों के बाद अब महाराष्ट्र में भी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की शानदार जीत देखने को मिली है। भाजपा नेताओं ने महाराष्ट्र में हरियाणा जैसे मुद्दे उठाए, जिससे पार्टी को चुनावों में स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस मौके पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, “भाजपा-महायुती अहे… एक है तो ‘सेफ’ है।” महाराष्ट्र में मिली इस बड़ी जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। हरियाणा में पार्टी कार्यालयों पर लड्डू बांटे गए और जमकर जश्न मनाया गया।
हरियाणा में आगामी पंचायत चुनावों पर नजर
आने वाले दो महीनों में हरियाणा में पंचायत चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा महाराष्ट्र की जीत का माहौल हरियाणा में भी बनाना चाहती है। पार्टी कार्यकर्ता अब इसे लेकर सक्रिय हो गए हैं।
महाराष्ट्र में सैनी की सक्रियता
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान नायब सैनी ने प्रदेश के विभिन्न इलाकों, खासकर खालापुर और खामगांव सीटों पर प्रचार किया था। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हुए जनता से समर्थन की अपील की थी।
इन दोनों सीटों पर भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस से था। शुरुआती रुझानों में भाजपा के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
सैनी ने इसके अलावा ठाणे और मुंबई में भी पार्टी के लिए प्रचार किया, जहां भाजपा को जनता का समर्थन मिला। भाजपा की इस जीत से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और पार्टी हरियाणा में भी अपनी जीत को दोहराने की योजना बना रही है।