इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला नहीं रहे, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, अंतिम संस्कार आज हिसार टुडे। गुरुग्राम हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वे 89 साल के थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह तबीयत बिगड़ने पर चौटाला को 11:35 बजे मेदांता की इमरजेंसी में लाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत आ रही थी।
मेदांता ने पुष्टि की है कि उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की वजह हार्ट अटैक बताया है। ओपी चौटाला का पार्थिव शरीर तेजा खेड़ा फार्म हाउस ले जाया जाएगा। कल सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे। दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से राजनीति को बड़ा झटका माना जा रहा है। ओम प्रकाश चौटाला चार बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने पहली बार 2 दिसंबर 1989 को मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाला था।
लेकिन सिर्फ 171 दिन ही सीएम बन पाए थे। इसके बाद 12 जुलाई 1990 को दोबारा से सीएम चुने गए, इस बार पांच दिन ही इस पद पर रह सके। इसके बाद 22 मार्च 1991 में फिर से सीएम चुने गए और 15 दिन तक इस पर रहे। 24 जुलाई 1999 को फिर से सीएम की कुर्सी पर बैठे और 2 मार्च 2020 तक यह जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद फिर से सीएम बने और पांच सालों तक शासन किया। ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा भावुक नजर आए।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि ओम प्रकाश चौटाला सीएम थे, उस वक्त में विपक्ष का नेता था। उन्होंने कहा कि हम दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। वो मेरे लिए बड़े भाई जैसे थे। उन्होंने कहा कि वो अभी भी सक्रिय थे, देखकर लगता नहीं था कि वो हमें इतनी जल्दी छोड़ जाएंगे। कांग्रेस ने भी ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए संवेदनाएं व्यक्त की हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के निधन की खबर दुसाद है। उन्होंने हरियाणा और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।’