पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का आकस्मिक निधन प्रदेश की जनता, इनेलो कार्यकर्ताओं और स्वयं मेरे लिए एक अपूर्णीय क्षति है। यह बात आज इनेलो जिला प्रवक्ता रमेश चुघ ने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला एक दृढ़ नेतृत्व वाले और जनता के प्रिय नेता थे, जिन्होंने हमेशा प्रदेश के हित में कार्य किया। उनके निधन से प्रदेश ने एक ऐसा नेता खो दिया है, जो हमेशा जनता की आवाज बनकर खड़ा रहा।
रमेश चुघ ने बताया कि वह पिछले 38 वर्षों से पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और उनके परिवार के साथ जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने चौटाला परिवार के साथ हर सुख-दुख में सहभागिता की है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने न केवल उन्हें हर कदम पर मार्गदर्शन और आशीर्वाद दिया, बल्कि कठिन समय में भी हमेशा उनका साथ निभाया।
उन्होंने आगे कहा कि ओमप्रकाश चौटाला का निधन उनके और प्रदेश के लाखों लोगों के लिए एक गहरा आघात है। उनका जीवन हमेशा दूसरों की सेवा और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित रहा। उनकी प्रेरणादायक सोच और कुशल नेतृत्व को हमेशा याद किया जाएगा। यह क्षति न केवल इनेलो कार्यकर्ताओं के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक बड़ी पीड़ा है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा, और उनकी स्मृति हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेगी।