पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, देशभर में शोक की लहर
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी के साथ केंद्रीय कैबिनेट की बैठक बुलाई गई, जिसमें दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
डॉ. मनमोहन सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दिल्ली AIIMS में उन्हें गुरुवार रात 8:06 बजे लाया गया, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने डॉ. मनमोहन सिंह ने 2014 तक लगातार दो कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरे किए। वे भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री और चौथे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री थे।
उनके निधन पर केंद्र सरकार ने 7 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। शुक्रवार को होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बेलगावी से दिल्ली पहुंचकर सीधे उनके आवास पर गए। राहुल गांधी ने X पर लिखा, “मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया।”
कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक और कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां आम जनता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेगी। उनकी बेटियां आज शाम तक अमेरिका से भारत लौट आएंगी। अंतिम संस्कार का निर्णय प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा किया जाएगा।