कांग्रेस देशभर में ‘भारत जोड़ो संविधान अभियान’ शुरू कर रही है। इस अभियान की शुरुआत 26 नवंबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से होगी। यह घोषणा कांग्रेस के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हरियाणा कांग्रेस नेता अजय यादव ने बुधवार को चंडीगढ़ में की। अजय यादव ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान लगातार दो महीने चलेगा।
26 नवंबर से शुरू होने वाला भारत जोड़ो संविधान अभियान 26 जनवरी तक चलेगा। यादव ने कहा इस अभियान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य प्रमुख नेता भी शामिल होंगे। यादव ने कहा कि इस अभियान के जरिए कांग्रेस देश में सामाजिक न्याय, समानता और जाति जनगणना की मांग को प्रमुखता से उठाएगी। अजय यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जाति जनगणना नहीं कराकर सभी को उनके अधिकारों से वंचित कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है, जो देश की अधिकांश संपत्ति और संसाधनों पर नियंत्रण रखते हैं। अजय यादव ने कहा भारत जोड़ो संविधान अभियान कांग्रेस के एससी, एसी, ओबीसी और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न जिलों में संगोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को भाजपा की नीतियों के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनगणना हो सकती है, तो जाति जनगणना क्यों नहीं हो सकती? अजय यादव ने बताया कि 26 नवंबर को अभियान शुरू होने का विशेष महत्व है। क्योंकि इसी दिन 1949 में डॉ. बीआर अंबेडकर ने संविधान का अंतिम मसौदा संविधान सभा को प्रस्तुत किया था। इसलिए कांग्रेस इसी दिन से भारत जोड़ो संविधान अभियान की शुरुआत करने जा रही है।