भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन की तैयारियों में एक और महत्वपूर्ण कदम जुड़ गया है। भारत के चार अंतरिक्ष यात्री नामितों ने रूस में विशेष प्रशिक्षण के दौरान शून्य गुरुत्वाकर्षण का अनुभव किया। इनमें ग्रुप कैप्टन प्रशांत नायर, अजीत कृष्णन, अंगद प्रताप और विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला शामिल हैं। सभी ने रूस के IL-76MDK विमान में प्रशिक्षण लिया, जहां उन्हें 25–30 सेकंड तक भारहीनता (Weightlessness) का अनुभव कराया गया।
https://www.isro.gov.in/ISRO_EN/Gaganyaan.html
अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा और मंगल जैसे गुरुत्वाकर्षण का भी किया अनुभव
शून्य गुरुत्वाकर्षण के प्रशिक्षण के साथ-साथ अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा और मंगल ग्रह जैसी गुरुत्वाकर्षण परिस्थितियों का भी अनुभव कराया गया। इस प्रशिक्षण में चंद्रमा के गुरुत्वाकर्षण को पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण का लगभग 18% और मंगल ग्रह के गुरुत्वाकर्षण को लगभग 38% मानकर परिस्थितियां तैयार की गईं। इन अभ्यासों का उद्देश्य अंतरिक्ष यात्रियों को अलग-अलग गुरुत्वाकर्षण वाले वातावरण में काम करने और खुद को उसके अनुसार ढालने के लिए तैयार करना है।
यह प्रशिक्षण भारत के पहले मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन गगनयान की तैयारियों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष यात्रा के दौरान आने वाली चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी और मानव अंतरिक्ष उड़ान, भविष्य के चंद्र मिशनों तथा अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में योगदान मिलेगा।
