हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नव वर्ष के अवसर पर किया माता मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी के साथ 2025 के नव वर्ष के पहले दिन पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत की और प्रदेशवासियों को नव वर्ष की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि 2025 हरियाणा के लिए समृद्धि और खुशहाली लाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह साल प्रदेशवासियों के जीवन में आर्थिक और सामाजिक खुशहाली लाएगा, और हर नागरिक की जीवनशैली में समृद्धि आएगी।
मुख्यमंत्री ने 2025 में हरियाणा के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह वर्ष राज्य में तेज़ गति से विकास कार्यों को लागू करने का होगा। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के दृष्टिकोण के तहत हरियाणा को एक विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में सरकार ने ठान लिया है। उन्होंने 2024 के दौरान किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए, 2025 में हरियाणा को पूर्ण रूप से विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 1 जनवरी 2025 से, डीएपी उर्वरक की किफायती दर पर निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एनबीएस सब्सिडी के तहत विशेष पैकेज को 3,500 रुपये प्रति मीट्रिक टन की दर से बढ़ाया गया है। इससे किसानों को डीएपी की किफायती और उचित मूल्य पर उपलब्धता मिलेगी।
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मौसम आधारित फसल बीमा योजना को 2025-26 तक जारी रखने की मंजूरी दी है, जिससे किसानों को फसल सुरक्षा और बीमा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को हरियाणा के किसानों के लिए एक बड़ी राहत बताया।