हरियाणा में आदमपुर का बदलेगा स्वरूप – कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि वर्ष 2025 के अंत तक आदमपुर में अमृत योजना के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे आदमपुर की तस्वीर बदल जाएगी और यहां शहरी तर्ज पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मंत्री ने सीवरेज और पेयजल कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और जनशिकायतों को जल्द समाधान करने पर जोर दिया।
उन्होंने जानकारी दी कि पीडब्ल्यूडी विभाग और मार्केटिंग कमेटी के कार्य शुरू हो चुके हैं, जबकि HSVP के तहत होने वाले कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि पहले पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्रता से पूरा करें ताकि अन्य निर्माण कार्य सुचारू रूप से हो सकें।
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। मंत्री गंगवा ने अधूरी परियोजनाओं की सूची लेकर उनका स्टेटस जाना और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी।
बैठक के उपरांत मंत्री ने मौके पर आमजन की समस्याएं भी सुनीं, जिनमें पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, जल निकासी जैसी प्रमुख शिकायतें रहीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार जनसेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है और हर नागरिक को सुविधाएं देना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने महाग्राम योजना की भी जानकारी दी, जिसके तहत प्रदेश के 148 गांवों को शहरी तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इनमें से 16 गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है और 30 में कार्य प्रगति पर है। प्रत्येक गांव में ₹50 से ₹70 करोड़ की लागत से फिरनी निर्माण, स्ट्रीट लाइट्स, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
