रविवार 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जीतो (JITO) हिसार चैप्टर द्वारा उत्साह के साथ कार रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने कार का स्टेयरिंग संभालकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। हिसार के सेक्टर-33 की मुख्य पार्किंग से शुरू होकर यह कार रैली विभिन्न बाजारों से होते हुए मेट्रोपोलिस मॉल स्थित पार्किंग पर समाप्त हुई। इस रैली की सबसे खास बात यह रही कि हर कार की स्टीयरिंग व्हील महिलाओं के हाथ में थी
जीतो हिसार चैप्टर के महिला विंग की अध्यक्ष शालिनी जी ने बताया कि इस रैली के माध्यम से महिलाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ। यह रैली कैंसर व थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता के लिए आयोजित की गई। इसके बाद मिडटाउन क्लब में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया।
इस जागरूकता सत्र में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. लवनीश गोयल, डॉ. हरीश शर्मा, डॉ. मीनाक्षी बंसल व डॉ. निधि मेहता ने विशेष रूप से हिस्सा लिया। डॉक्टरों ने महिलाओं को विभिन्न प्रकार के कैंसर, थैलेसीमिया के बारे में जानकारी दी तथा इसके कारण, बचाव और इलाज के बारे में भी विस्तार से बताया।

डॉक्टरों ने बताया कि महिलाओं को होने वाले कैंसर से किस तरह बचाव किया जा सकता है। चिकित्सकों ने सदस्यों द्वारा पूछे गए स्वास्थ्य संबंधी सवालों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाएं भी शांत कीं।
इस अवसर पर जीतो हिसार चैप्टर के अध्यक्ष आशीष जैन ने कहा कि 31 जनवरी को जीतो (JITO) का हिसार चैप्टर लॉन्च हुआ था। इसके उपरांत महिला दिवस पर यह कार रैली का भव्य आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि JITO (Jain International Trade Organisation) संगठन सामाजिक सहभागिता से जुड़कर समाज के कल्याण, आर्थिक सशक्तिकरण और ज्ञान के प्रसार में विशेष योगदान दे रहा है। यह संगठन सेवा कार्यों को बढ़ावा देने, शिक्षा, रोजगार व सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
