कुरुक्षेत्र में ऐतिहासिक होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन, 21 जून को एक लाख से अधिक लोग करेंगे योग
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 का आयोजन कुरुक्षेत्र में ऐतिहासिक और भव्य रूप से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि 27 मई से ही पूरे हरियाणा में स्वच्छता अभियान के साथ योग दिवस की तैयारियाँ आरंभ हो चुकी हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की थीम के साथ “योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा” का संदेश देना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड को कुल 103 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों के योग अभ्यास की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक सेक्टर में 1000 साधक योग करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योग गुरु बाबा रामदेव होंगे, जिनकी उपस्थिति को कुरुक्षेत्र वासियों के लिए गर्व की बात बताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल योग का नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन का प्रतीक होगा और इसे दीपावली, होली जैसे उत्सवों की तरह उल्लासपूर्वक मनाना चाहिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी सामाजिक संगठनों, एनजीओ, व्यापारिक संगठनों और प्रतिनिधियों को योग को अपनाने और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने आह्वान किया कि 21 जून को ब्रह्ममुहूर्त में सभी लोग प्रातः 4 बजे आयोजन स्थल पर पहुँचें और इस विराट योग यज्ञ का हिस्सा बनें।
हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया जाएगा। राज्य के 10 लाख योग साधक औषधीय पौधे रोपित करेंगे। कुरुक्षेत्र में एक लाख से अधिक लोगों द्वारा एक साथ योग प्रदर्शन कर विश्व रिकॉर्ड भी स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस बैठक में पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने हर घर से योग में सहभागिता की बात कही और मुख्यमंत्री से कुरुक्षेत्र में स्थायी मेडिटेशन सेंटर की मांग की। आयोजन में उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष कंवलजीत कौर सहित अनेक प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।