यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत की आख़िरी टी20 सीरीज़ है, जिसकी शुरुआत बीती रात न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हुई। सीरीज़ का पहला मैच वीसीए स्टेडियम, जनथा में खेला गया। न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया।
पहली पारी में भारत की ओर से संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की, लेकिन संजू सैमसन जल्दी आउट हो गए और टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दिला सके। ईशान किशन भी खास योगदान नहीं दे पाए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए मात्र 35 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों में 32 रन जोड़े। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने 16 गेंदों में 25 रन की तेज़ पारी खेली। वापसी कर रहे रिंकू सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
https://twitter.com/ICC/status/2014030655567343848
न्यूज़ीलैंड की ओर से जैकब डफी, काइल जैमीसन, क्रिस क्लार्क, ईश सोढ़ी और मिचेल सैंटनर ने विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। डेवोन कॉनवे शून्य पर आउट हो गए, जबकि टिम रॉबिनसन ने 15 गेंदों में 21 रन बनाए। रचिन रवींद्र भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने संघर्ष करते हुए 40 गेंदों में 78 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। मार्क चैपमैन ने 24 गेंदों में 39 रन और डैरिल मिचेल ने 18 गेंदों में 28 रन बनाए। मिचेल सैंटनर ने 13 गेंदों में 20 रन जोड़े, लेकिन शीर्ष क्रम के जल्दी आउट होने के कारण टीम दबाव में आ गई और भारतीय गेंदबाज़ों ने न्यूज़ीलैंड को 190 रन पर रोक दिया।
भारत की ओर से शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह ने विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस तरह भारत ने न्यूज़ीलैंड को 48 रनों से हराकर सीरीज़ की शानदार शुरुआत की।
अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी के लिए अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
https://twitter.com/BCCI/status/2014029739954954577
