महिला प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला नवी मुंबई के डॉ. डी. वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला गया। मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
गुजरात जायंट्स की ओर से बेथ मूनी और सोफी डिवाइन ने पारी की शुरुआत की, लेकिन सोफी डिवाइन बहुत जल्दी अपना विकेट गंवा बैठीं। इसके बाद बेथ मूनी और कनिका आहूजा के बीच अच्छी साझेदारी हुई। बेथ मूनी ने टीम के लिए 26 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि कनिका आहूजा ने 18 गेंदों में 35 रन की तेज पारी खेली। इनके आउट होने के बाद एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम और भारती फुलमाली ने उपयोगी पारियां खेलीं और गुजरात जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मुंबई इंडियंस की ओर से शबनम इस्माइल, हेले मैथ्यूज, निकोला केरी और अमेलिया केर ने एक-एक विकेट लिया।
https://twitter.com/mipaltan/status/2011129738421813534
दूसरी पारी में मुंबई इंडियंस के लिए गुनेलन कमलिनी और हेले मैथ्यूज ने पारी की शुरुआत की, लेकिन दोनों सलामी बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए। इसके बाद अमनजोत कौर और हरमनप्रीत कौर ने शानदार पारी खेली। अमनजोत कौर ने 26 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच जिताऊ पारी खेलते हुए 43 गेंदों में 71 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 165.12 रही, जिसमें उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए हरमनप्रीत कौर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। निकोला केरी ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 38 रन बनाए और 6 चौके जड़े, जिससे मुंबई इंडियंस को लक्ष्य हासिल करने में मदद मिली।
गुजरात जायंट्स की ओर से रेणुका सिंह, काश्वी गौतम और सोफी डिवाइन ने एक-एक विकेट लिया।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने मुकाबला अपने नाम किया और WPL की अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया।
