रेखा गुप्ता के दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर सावित्री जिंदल ने दी बधाई
हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव के जिंदल परिवार की बेटी और बौंदकलां, दादरी की बहू रेखा गुप्ता के दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर सावित्री जिंदल ने उन्हें बधाई दी। फोन पर हुई इस बातचीत में सावित्री जिंदल ने उनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया और इसे हरियाणा व जींद जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
सावित्री जिंदल ने कहा, “यह ऐतिहासिक और गर्व का पल है कि जिंदल परिवार से ताल्लुक रखने वाली एक महिला दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी हैं। यह महिलाओं के सशक्तिकरण और राजनीति में उनकी बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है।”
रेखा गुप्ता की उपलब्धियों पर गर्व
उन्होंने रेखा गुप्ता की राजनीतिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समर्पण और मेहनत से यह साबित कर दिया है कि महिलाओं के लिए कोई भी क्षेत्र सीमा नहीं रखता। सावित्री जिंदल ने विश्वास जताया कि रेखा गुप्ता दिल्ली की राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम होंगी और राजधानी की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
दिल्ली और हरियाणा के बीच विकास की नई उम्मीद
उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा और दिल्ली सिर्फ भौगोलिक रूप से नहीं, बल्कि भाग्य से भी जुड़े हुए हैं। इस राजनीतिक परिवर्तन से दोनों राज्यों में तेजी से विकास होगा। साथ ही, उन्होंने दिल्ली में भाजपा की जीत में हरियाणावासियों के योगदान की सराहना की। सावित्री जिंदल ने रेखा गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनका नेतृत्व दिल्ली की जनता के लिए सशक्त और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करेगा और राजधानी को नए स्वर्णिम युग की ओर ले जाएगा।