हिसार की जनता को बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। हिसार अब चंडीगढ़ और गुड़गांव जैसे महत्वपूर्ण शहरों से सीधे रेल मार्ग से जुड़ गया है। यह संभव हो सका है हिसार की विधायक और हरियाणा की पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती सावित्री जिन्दल के निरंतर प्रयासों से, जिनके द्वारा इस दिशा में लगातार रेल मंत्रालय और राज्य सरकार से संपर्क साधा गया। रेल मंत्रालय ने नई दिल्ली से अधिसूचना जारी कर दोनों नई ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए श्रीमती सावित्री जिन्दल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद जताते हुए कहा कि यह हिसार वासियों के लिए ऐतिहासिक पल है। वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन के बाद से ही हिसार को चंडीगढ़ और गुड़गांव से सीधे जोड़ने की मांग उठती रही थी, जो अब जाकर पूरी हुई है। श्रीमती सावित्री जिन्दल ने इन ट्रेनों को नागरिकों के लिए “विकास की नई पटरियाँ” करार देते हुए कहा कि ये सेवाएं न केवल यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाएंगी, बल्कि इससे रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। उन्होंने बताया कि वे लगातार रेल मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में थीं और इसी का परिणाम है कि आज हिसार दो बड़े शहरों से सीधे जुड़ गया है। हिसार के नागरिकों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सावित्री जिन्दल के प्रयासों की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इस तरह की सुविधाएं मिलती रहेंगी।
हिसार-चंडीगढ़ रेल सेवा का विस्तार
रेल मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन संख्या 64563-64 अंब अंदोरा – अंबाला कैंट वाया चंडीगढ़ मेमु ट्रेन को अब फास्ट मेमु ट्रेन के रूप में हिसार के रायपुर तक विस्तारित किया गया है।
- ट्रेन संख्या 64564 अंब अंदोरा से दोपहर 3 बजे चलकर अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, जाखल,
उकलाना और बरवाला होते हुए रात 1.05 बजे रायपुर (हिसार) पहुंचेगी। - वापसी में ट्रेन संख्या 64563 रात 2.25 बजे रायपुर से चलकर प्रातः 7.20 बजे अंबाला कैंट और दोपहर
12.40 बजे अंब अंदोरा पहुंचेगी।
हिसार-गुरुग्राम (दिल्ली-रेवाड़ी वाया) सेवा का विस्तार
इसी प्रकार, दिल्ली-रेवाड़ी वाया गुरुग्राम चलने वाली ट्रेन संख्या 54085-86 को अब फास्ट पैसेंजर ट्रेन के रूप
में हिसार के सातरोड तक विस्तारित किया गया है।
- ट्रेन संख्या 54085 दिल्ली से प्रातः 7 बजे चलकर 9.40 बजे रेवाड़ी और 1.35 बजे सातरोड (हिसार)
पहुंचेगी। - वापसी में ट्रेन संख्या 54086 सातरोड से 2.10 बजे रवाना होकर 5.30 बजे रेवाड़ी और रात 9 बजे दिल्ली
पहुंचेगी। - यह ट्रेन रेवाड़ी से जाटुसाना, कोसली, झारली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानी खेड़ा और हांसी होते हुए सातरोड
पहुंचेगी।
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों ट्रेनों के संचालन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी, जिसकी अधिसूचना
अलग से जारी की जाएगी।
