- हकृवि में धूमधाम सेमनाया गया तीज महोत्सव
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को हरियाली तीज उत्सव पर फैकल्टी क्लब द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हकृवि की महिला सदस्यों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज की धर्मपत्नी एवं कैंपस स्कूल की निदेशिका संतोष कुमारी ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को तीज त्यौहार की शुभकामनाएं दी। मुख्य अतिथि संतोष कुमारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि त्यौहार हमारी आस्था, श्रद्धा, परंपरा और संस्कृति का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि तीज़ का त्यौहार उत्तर भारत में बहुत लोकप्रिय है। यह त्यौहार विशेष कर महिलाओं द्वारा बड़े उत्साह एवं हर्षौल्लास के साथ मनाया जाता है। यह त्यौहार लहलाती प्रकृति और प्रेम के रंगों को समेटे हरियाली तीज अखंड सौभाग्य एवं परिवार की कुशलता के लिए किया जाने वाला व्रत है। मान्यता है कि सौभाग्यवती महिलाएं अपने सुहाग को अखंड बनाए रखने के लिए यह व्रत करती है। ऐसा माना जाता है कि सबसे पहले यह व्रत माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए रखा था। उन्हीं का अनुसरण करते हुए महिलाएं माता पार्वती और शिवजी जैसा दाम्पत्य जीवन पाने के लिए यह व्रत करती हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में विभिन्न धर्मो के लोग आपसी प्यारप्रेम के साथ रहते हैं। सभी नागरिक देश में त्यौहार को बड़ी धूमधाम एवं हर्षौल्लास के साथ मनाते हैं। जिससे आपसी भाईचारे के साथसाथ राष्ट्रीय एकता की भावना का भी संचार होता है। उन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर झूला- झूला और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनन्द लिया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान फैकल्टी क्लब परिसर में पौधरोपण किया और महिलाओं से पौधारोपण करने का अनुरोध भी किया। तीज उत्सव के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. वीनू सांगवान ने सभी का धन्यवाद किया। मंच का संचालन डॉ. संध्या शर्मा ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. पवन कुमार की धर्मपत्नी डॉ. मीना सहित विश्वविद्यालय की महिलाओं ने भाग लिया।