मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक में भारत खेल महाशक्ति बने। उन्होंने विश्वास जताया कि उस समय हरियाणा के खिलाड़ी सबसे अधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को मिले 6 पदकों में से 5 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते, जबकि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत के 7 पदकों में से 4 पदक हरियाणा से आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की दूरदर्शी खेल नीतियों का ही परिणाम है कि आज हरियाणा को ‘खेलों की नर्सरी’ कहा जाता है। प्रदेश में 1489 खेल नर्सरियों में 37 हजार से अधिक खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों को मासिक वित्तीय सहायता, छात्रवृत्ति, नौकरी में आरक्षण, खेल उपकरण और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 593 करोड़ रुपये नकद पुरस्कार और 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र में ‘साइक्लाथोन’, स्वच्छता अभियान और नई योजनाओं की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की तरह अनुशासन, मेहनत और समर्पण से आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री रविवार को द्रोणाचार्य खेल स्टेडियम, कुरुक्षेत्र में आयोजित “साइक्लाथोन” कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने श्रमदान करके ‘स्वच्छ कुरुक्षेत्र–मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया और इस अभियान की आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च की। इस वेबसाइट पर कुरुक्षेत्रवासी स्वच्छता से संबंधित फोटो अपलोड कर प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
नई योजनाओं के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का पोर्टल लॉन्च किया जाएगा, जिसके तहत पहले चरण में 20 लाख महिलाओं को 2100 रुपये की मासिक सहायता मिलेगी। वहीं, 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ की शुरुआत की जाएगी, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान में गरीब, जरूरतमंद और दिव्यांगजनों की सेवा की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष अपने कार्यकाल के विकास कार्य गिनाने की बजाय ईवीएम पर दोष मढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व विकास किया है और विश्व स्तर पर सम्मान प्राप्त किया है।
युवाओं को संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हर युवा को रोजाना कम से कम एक घंटा खेल को देना चाहिए ताकि “फिट इंडिया-हिट इंडिया” का लक्ष्य पूरा हो सके।