हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश की जनता को सुरक्षित माहौल देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि चाहे कोई कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, यदि वह अपराध करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अपराधियों को “मिट्टी में मिला दिया जाएगा” और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आने वाले समय में कठोर कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री गत दिवस चंडीगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है। यदि किसी गांव, मोहल्ले या शहर के वार्ड में नशा बिकता है तो स्थानीय लोग सरकार द्वारा बनाए गए पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की सेहत के प्रति गंभीर है। नागरिकों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए जिला स्तर पर सरकारी अस्पतालों को सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही ऐसे 10 अस्पतालों का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया जाएगा। कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वोटों की चोरी का आरोप निराधार और झूठा है। कांग्रेस बिना वजह इसे मुद्दा बनाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को कमजोर किया और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार के रास्तों को बंद किया है, जिस कारण कांग्रेस बौखलाई हुई है और तथ्यहीन आरोप लगा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब व्यक्ति को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत करने का कार्य किया है। हर वर्ग की उन्नति के लिए योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ आज हर जरूरतमंद तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब व्यक्ति अब आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
