- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी चण्डीगढ़ में लोक निर्माण विभाग व वन विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न
विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए। - अत्याधुनिक संग्रहालय, मास्टर प्लान और संरक्षित क्षेत्र की दिशा में सरकार की बड़ी पहल
हरियाणा सरकार ने ऐतिहासिक नगरी अग्रोहा को विश्व पुरातात्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए हैं। सरकार का लक्ष्य इसे न केवल एक प्रमुख पर्यटन स्थल बल्कि सांस्कृतिक धरोहर केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए अग्रोहा में अत्याधुनिक संग्रहालय स्थापित किया जाएगा, जहां खुदाई से मिले अमूल्य पुरावशेषों को सुरक्षित कर प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज हुई उच्चस्तरीय बैठक में अग्रोहा पुरातात्विक स्थल के विकास की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, श्री असीम गोयल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्रोहा, महाराजा अग्रसेन की राजधानी होने के कारण एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। इसके विकास से यह न केवल आस्था का केंद्र बनेगा बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में भी स्थापित होगा।
मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश
श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिसार-अग्रोहा मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट ऑथोरिटी द्वारा एक समग्र मास्टर प्लान तैयार किया जाए। इसमें अग्रोहा को एकीकृत पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की विस्तृत रणनीति शामिल होगी। साथ ही, अग्रोहा पुरातात्विक स्थल के आसपास स्थित टीलों की जियो-टैगिंग कर उन्हें संरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की क्षति से बचाया जा सके।
खुदाई से मिले ऐतिहासिक संकेत
बैठक में जानकारी दी गई कि अग्रोहा में लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और हरियाणा राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से खुदाई की जा रही है। खुदाई से पूर्व संभावित क्षेत्रों का ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) सर्वेक्षण कराया गया, जिसके आधार पर उत्खनन आरंभ हुआ। अब तक खुदाई से मिले अवशेष इस बात की पुष्टि करते हैं कि आने वाले समय में यह क्षेत्र हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के ऐतिहासिक परिदृश्य को नई पहचान दिला सकता है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए.के. सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, विरासत एवं पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती कला रामचंद्रण, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री यशपाल, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक श्री अमित खत्री और हिसार के उपायुक्त श्री अनीश यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।