नामदेव सभा हरियाणा के अध्यक्ष एवं पूर्वचेयरमैन सतबीर वर्मा ने केंद्र सरकार से देश के सभी राज्यों में सिलाई-कढ़ाई कल्याण बोर्ड के गठन की मांग की है। वे अखिल भारतीय नामदेव महासभा के तत्वावधान में नई दिल्ली के कस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। इस संगोष्ठी में देशभर से नामदेव समाज के प्रबुद्ध सदस्य शामिल हुए, जिनमें हिसार के भी प्रतिनिधि मौजूद रहे। संगोष्ठी में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य मयंक कानूगो, मध्य प्रदेश सिलाई-कढ़ाई कला बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र नामदेव, हरियाणा बाल अधिकार आयोग के पूर्वसदस्य सुनील वर्मा, नजफगढ़ दिल्ली सभा अध्यक्ष दयानंद रोहिल्ला और ज्ञानी राम सिरोहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में सतबीर वर्मा ने कहा कि देश में नामदेव समाज दर्जी, टॉक, सिंपी, रोहिल्ला, छीपी सहित विभिन्न घटकों के रूप में जाना जाता है और यह कुल आबादी का लगभग 6% है, लेकिन सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से अब भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की तर्ज पर सभी राज्यों में कढ़ाई-सिलाई कला बोर्ड का गठन कर समाज को सम्मान और अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में चंडीगढ़ में श्री नामदेव जयंती का आयोजन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सानिध्य में होगा। साथ ही, उन्होंने केंद्र व दिल्ली सरकार से राष्ट्रीय राजधानी में संत श्री नामदेव जी महाराज के नाम पर एक एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वहां नामदेव भवन बनाकर शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयोग किया जा सके। इस अवसर पर के.एल. नामदेव, खेमजी भाई, के.सी. नामदेव, योगेश अग्रवाल, डॉ. अर्चना रोहिल्ला, सत्यनारायण रोहिल्ला, डॉ. रामनिवास, करतार सिंह रोहिल्ला, अजीत सिंह सहित अनेक प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.