हरियाणा के पूर्व ऊर्जामंत्री और ओपी जिन्दल ग्रुप के संस्थापक श्री ओपी जिन्दल जी की 20वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर हिसार के निवासियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा श्री ओपी जिन्दल जी के समाधि स्थल पर स्थित जिन्दल इंडस्ट्रीज में आयोजित की गई, जहां श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों की बड़ी संख्या सुबह से ही उपस्थित रही। इस सभा में उद्योग जगत, राजनीति और समाजसेवा से जुड़ी प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।
ओपी जिन्दल की 20वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
इस अवसर पर नवीन जिन्दल ने श्री ओपी जिन्दल जी के योगदान को याद करते हुए कहा, “बाऊजी ने अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए देश को औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित थे और हमेशा समाज के पिछड़े वर्गों, किसानों और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए कार्यरत रहे।” उन्होंने अपने लोकसभा भाषण को दोहराते हुए कहा कि हमें रिफाइंड तेल से परहेज करना चाहिए और चीनी का सेवन कम से कम करना चाहिए।
ओपी जिन्दल जी के समाजसेवा में योगदान की सराहना
श्री ओपी जिन्दल केवल एक उद्योगपति नहीं थे, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने स्वदेशी, स्वाभिमान और सर्वजन सम्मान की भावना को बढ़ावा दिया। जाति और पंथ से ऊपर उठकर उन्होंने समाज सेवा को अपनी प्राथमिकता बनाई। नलवा से लेकर कोलकाता तक उनके जीवन के अनुभव समाज के उत्थान में सहायक बने। उन्होंने ने बेटियों को शिक्षा का अधिकार दिलाने, युवाओं को रोजगार देने और समाज के पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए।
जहां फैक्ट्री, वहां स्कूल और अस्पताल
ओपी जिन्दल का मानना था कि उद्योग केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि समाज के विकास में भी योगदान देना चाहिए। उन्होंने जहां भी फैक्टरी स्थापित की, वहां स्कूल, अस्पताल और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाईं, ताकि एक शिक्षित, स्वस्थ और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण किया जा सके।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
श्रद्धांजलि सभा में विधायक मंत्री सावित्री जिन्दल, पृथ्वी राज जिन्दल, आरती जिन्दल, सज्जन जिन्दल, रतन जिन्दल, दीपिका जिन्दल, नवीन जिन्दल सहित कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रही। इसके अलावा, पूर्व मेयर नगर निगम रोहतक मनमोहन गोयल, मेयर हिसार प्रवीन पोपली, हिसार बीजेपी जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मेयर शकुंतला राजलीवाला और अन्य राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योगपति और आम जनता भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
ओपी जिन्दल की 20वीं पुण्यतिथि पर आयोजित इस भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा ने उनके महान योगदान और समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण को श्रद्धांजलि अर्पित की।
